पटना नगर निगम की ओर से सैनिटेशन टनल का निर्माण राजेंद्र नगर सब्जी मंडी के डॉक्टर्स कॉलोनी छोड़ पर किया गया है। सब्जी खरीदने आने वाले लोगों को इस टनल से होकर जाने के निर्देश दिए गए हैं। यहां पर कुछ ही सेकेंड्स में सैनिटाइजर की मदद से लोगों को वायरस मुक्त किया जाएगा। इसके अलावा चार अन्य स्थानों पर कीटाणुनाशक टनल का निर्माण किया जा रहा है। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक इस टनल को चालू रखा जाएगा।
पटना नगर निगम की ओर से कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए कीटाणुनाशक टनल का निर्माण किया गया है। राजेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे लगने वाले सब्जी मार्केट में आने व जाने के लिए लोगों को अब इस टनल से होकर गुजरना होगा। सब्जी मार्केट में होने वाली भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। निगम प्रशासन की ओर से राजधानी के विभिन्न सब्जी मंडियों में विशेष डिसइंफेक्शन टनल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें लोगों को अपना पूरा शरीर सैनिटाइज करने की सुविधा मिलेगी।
राजेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे स्थित सब्जी मंडी में शहर के विभिन्न इलाकों से लोग आते हैं। यहां पर थोक व खुदरा सब्जी की बिक्री होती है। इससे भीड़ जैसी स्थिति बनी रहती है। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। आम लोगों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क व ग्लब्स का इस्तेमाल करने और घर पर पहुंचते ही नियमित तौरपर साबुन-पानी या सेनिटाइजर से हाथों को स्वच्छ करने को कहा जा रहा है। सब्जी लोगों की जरूरत की चीज है। इसकी खरीद के लिए लोगों का पहुंचना जारी है।
सब्जी मार्केट में तमाम इंतजामों के बाद भी लोगों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में प्रशासन कामयाब नहीं हो पा रहा है। ऐसे में निगम प्रशासन की ओर से तैयार कराए गए विशेष विशेष डिसइंफेक्शन टनल के जरिए लोग अपना पूरा शरीर एक बार में ही सैनेटाइज कर सकते हैं। डीएम कुमार रवि व मेयर सीता साहू ने सोमवार को इस टनल का उद्घाटन किया। मेयर सीता साहू ने कहा कि लोगों को कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी से बचाने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। लोग भी सरकार व प्रशासन द्वारा किए जाने वाले अभियानों में साथ दें।